सरकोजी-कार्ला नहीं रहे इक-दूजे के लिए
भाषा
लंदन,
बुधवार,
मार्च 10,
2010
दो साल पहले शादी करके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरने वाले फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी और मॉडल कार्ला ब्रूनी शायद अब ‘इक-दूजे के लिए’ नहीं रहे। इन दिनों दोनों के बीच न केवल किसी तीसरे, बल्कि चौथे के भी आने की अफवाहें जोरों पर हैं।
सबसे पहले माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर उड़ी अफवाहों में कहा गया है कि सरकोजी जहां इन दिनों देश की पर्यावरण मंत्री के साथ ‘नैन मटक्का’ करने में व्यस्त हैं, वहीं कार्ला का दिल भी उनसे छह साल छोटे पॉपस्टार बेंजामिन बोयले पर आ गया है।
ब्रितानी मीडिया के अनुसार ट्विटर के बाद एक अखबार ‘ले जरनल दू दिमांचे’ में भी इस बारे में खबर छपी। अखबार के अनुसार यह कुछ पलों की गॉसिप है, जो साल की सबसे बड़ी खबर बन सकती है। कहा जा रहा है कि फ्रांस की प्रथम महिला और संगीत के क्षेत्र में पुरस्कार विजेता बेंजामिन बोयले के बीच कुछ हफ्ते पहले से प्रेम संबंध चल रहे हैं।
अखबार में कहा गया कि अफवाह सबसे पहले ट्विटर पर उड़ी और इसके बाद अब यह ब्लॉग्स और वेबसाइटों पर सब जगह है। कहा जा रहा है कि राष्ट्रपति की शादी अंतिम सांसें गिन रही है। कार्ला को बेंजामिन बोयले से प्यार हो गया है और राष्ट्रपति का दिल भी जुआनो पर आ गया है।