शाहरुख बने सबसे बड़े दानकर्ता
भाषा
मुंबई,
बुधवार,
मार्च 10,
2010
बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान आगामी फिल्म ‘आर डॉट वन’ में सुपरहीरो की भूमिका में दिखेंगे जिसमें वह लोगों के संकटमोचक की भूमिका में होंगे और किंग खान ने आशा व्यक्त की कि भारतीय दर्शक इसे पसंद करेंगे। इसके अलावा वास्तविक जीवन में खान एक हरित अभियान के तहत कई गांवों को गोद लेकर सबसे बड़े दानकर्ता बन गए हैं।
खान ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने अलग प्रकार की विधा में हाथ आजमाया है। इससे पहले इस विधा का उपयोग नहीं किया गया है और यह सबके लिए नया होगा इसलिए हम दर्शकों को कुछ बेहतर उपलब्ध कराएंगे और आशा है कि इसे सभी स्वीकार करेंगे।’’ शाहरुख ने हरित संकल्प लिया है। वचनबद्धता के तौर पर भारत भर में 157 गांवों को गोद लेने के हरित अभियान में वह सिने कलाकारों और कॉरपोरेट घरानों से आगे निकल गए हैं। 3.92 करोड़ रुपये का दान देकर वह सबसे बड़े मददगार हो गए। खान ने बीते वर्ष पांच गांवों को गोद लिया था और पर्यावरण के प्रति अपनी वचनबद्धता को जताया था। इस वर्ष वह आठ और गांवों को गोद लेंगे। वह एनडीटीवी-टोयोटा पर्यावरण अभियान ‘ग्रीनाथॉन’ में सबसे बड़े दानकर्ता हो गए हैं।