राखी सावंत ने दी भूख हड़ताल की धमकी
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
मुंबई,
बुधवार,
जनवरी 27,
2010
सेंसर बोर्ड द्वारा अपने एक गाने पर रोक लगाने से नाराज राखी सावंत ने धमकी दी है कि अगर एक सप्ताह के भीतर उन्हें इस बारे में स्पष्टीकरण नहीं दिया गया तो वह भूख हड़ताल शुरू कर देंगी।
राखी के गाने 'कमीनी तेरा भूत चढ़ गया रे' पर सेंसर बोर्ड ने रोक लगा दी थी। इस पर राखी ने एक कानूनी नोटिस भेजकर एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। राखी ने कहा, "एक सप्ताह तक मैं इंतजार करूंगी और इसके बाद सेंसर बोर्ड दफ्तर के सामने भूख हड़ताल करूंगी।"
हमेशा सुर्खियों में बनी रहने वाली राखी ने कहा, "मैंने सेंसर बोर्ड को कानूनी नोटिस भेजा है। ऐसा पहला मौका है जब इस तरह का कदम उठाया गया है। दूसरे लोग सेंसर बोर्ड की चमचागिरी करते हैं। परंतु मैं नहीं करती, मैं राखी सावंत हूं। मैं ईश्वर की बेटी हूं।" राखी ने कहा, "मेरे गाने से 'कमीनी' शब्द हटाकर अन्याय किया गया है। धर्मेंद्र फिल्मों में 'कमीने' कई वर्षों से बोलते आ रहे हैं। विशाल भारद्वाज ने 'कमीने' नाम की फिल्म बना दी। उस समय सेंसर बोर्ड कहां सो रहा था।"