सीनियर खिलाड़ियों के बावजूद हारना निराशाजनक : शाह
भाषा
अहमदाबाद,
शनिवार,
जुलाई 26,
2008
क्रिकेट बोर्ड के सचिव निरंजन शाह ने टीम में इतने अधिक सीनियर खिलाड़ियों की मौजूदगी के बावजूद कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में भारत की शर्मनाक हार पर निराशा जताई।
भारत की पारी और 239 रन की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए शाह ने कहा, 'यह परेशान करने वाला है कि टीम में सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण जैसे सीनियर खिलाड़ियों के होने के बावजूद हार का सामना करना पड़ा।'
गुजराज क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित समारोह में भाग लेने पहुंचे शाह ने कहा, 'हमें अगले दो मैचों में इस हार की भरपाई करनी होगी। हमारे स्पिनरों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा और श्रीलंका के समकक्षों की बराबरी करनी होगी।'
यह पूछने पर कि हार का कारण खिलाड़ियों की तैयारियों की कमी तो नहीं उन्होंने कहा, 'इसका तैयारियों से कोई लेना देना नहीं है। सभी खिलाड़ी श्रीलंका दौरे के लिए तैयार थे।'