भाजपा का देशव्यापी भंडाफोड़ आंदोलन रविवार से
भाषा
नई दिल्ली,
शनिवार,
जुलाई 26,
2008
संसद में विश्वासमत हासिल करने के लिए कांग्रेस नेतृत्व वाली संप्रग सरकार पर अनेक शर्मनाक और घिनौने करार और समझौते करने का आरोप लगाते हुए भाजपा ने सरकार के भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ रविवार से देशव्यापी भंडाफोड आंदोलन शुरू करने का फैसला किया है।
पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने आरोप लगाया कि सत्ता के दलालों ने छह महीने की केन्द्र सरकार को बचाने के लिए छह सौ करोड़ रूपये से ज्यादा के काले धन का निवेश किया है।
उन्होंने कहा कि सत्ता के दलालों ने सरकार पर किए गए अपने काले धन के निवेश को सूद के साथ वसूलना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि जमाखोरों कालाबाजारियों सत्ता के दलालों और अपराधियों से सरकार को बचाने के लिए पर्दे के पीछे जो करार और समझौते किए गए हैं आने वाले दिनों में देश की आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक हालात पर उसका सीधा दुष्प्रभाव देखने को मिलेगा।
नकवी ने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व वाली संप्रग सरकार के भ्रष्टाचार के सिंहासन और काले धन के कुशासन के खिलाफ कल से देशव्यापी भंडा-फोड़ आंदोलन शुरू करेगी।
उन्होंने बताया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी दिल्ली से पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह लखनऊ से तथा राज्यसभा में विपक्ष के नेता जसवंत सिंह चेन्नई से इस भंडा-फोड़ आंदोलन का शुऱूआत करेंगे। इसके अलावा पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता देश के विभिन्न स्थानों पर इस अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।