पीसीबी ने मलिक से कहा, प्रदर्शन करो या बाहर जाओ
भाषा
कराची,
शनिवार,
जुलाई 26,
2008
पाकिस्तान के कप्तान शोएब मलिक को क्रिकेट बोर्ड ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगली कुछ श्रृंखलाओं में नतीजे दो या फिर नतीजे भुगतने के लिए तैयार हो जाओ।
लाहौर में पीसीबी की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट समिति की बैठक में बोर्ड के सीनियर अधिकारियों ने कप्तान के रूप में मलिक के खुद के प्रदर्शन और टीम के एशिया कप फाइनल में पहुंचने के विफल रहने के लिए उनको फटकार लगाई।
बैठक में हिस्सा ले रहे एक चश्मदीद ने कहा कि मलिक और चयनकर्ताओं के बीच काफी गर्मागर्म बहस हुई।
चश्मदीद ने कहा, 'कप्तान, कोच और मैनेजर कुछ मुद्दों पर असहमत थे और मलिक को संचालन संस्था के कुछ सदस्यों ने फटकार लगाई जिसमें मुनीर हफीज एजाज बट इंतिखाब आलम और बोर्ड के मुख्य परिचालन अधिकारी शफकत नगमी शामिल हैं।'
उन्होंने कहा, 'मलिक ने कहा कि बोर्ड को चयन समिति के कुछ अधिकार उन्हें देने की जरूरत है। वह इस बात से नाखुश थे कि अंतिम एकादश को चुनने का अधिकार चयन समिति को है और कोच तथा कप्तान को नहीं।'