सदस्य देशों से मिली परमाणु समझौते की जानकारी
भाषा
विएना,
शनिवार,
जुलाई 26,
2008
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की एक अगस्त को होने वाली बैठक से पहले शुक्रवार को अपने सभी सदस्य देशों को भारत विशिष्ट सुरक्षा मानक समझौते की जानकारी दी।
असैन्य परमाणु प्रतिष्ठानों के सुरक्षा सिद्धांत से संबंधित मसौदा समझौता भारत और आईएईए के बीच सात जुलाई को शुरू हुआ था और इसे नौ जुलाई को 144 सदस्य देशों में वितरित किया गया।
सूत्रों ने बताया कि सदस्य देशों के सवालों और संदेहों का जवाब देने के लिए आईएईए सचिवालय ने सदस्यों को सुरक्षा मानक समझौते की जानकारी दी है।
जानकारी देने की यह प्रक्रिया बंद कमरे में हुई और ऐसा माना जाता है कि इसमें सदस्य देशों ने कुछ तकनीकी और राजनीतिक सवाल रखे।
कुछ सदस्य देशों ने परमाणु हथियार संपन्न राष्ट्र के रूप में भारत के दर्जे सुधारात्मक कदमों और गैर बाध्यकारी खंड और अनुच्छेद 4 के बारे में जानना चाहा था।
विदेश सचिव शिवशंकर मेनन 18 जुलाई को सुरक्षा मानक समझौते के बारे में आईएईए के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स और परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) के कुछ देशों को जानकारी दे चुके हैं।
मेनन ने आईएईए प्रमुख मोहम्मद अलबरदेई से भी बात की थी जिन्होंने इस परिप्रेक्ष्य में करार का समर्थन किया कि इससे अप्रसार के प्रयास मजबूत होने के साथ ही विकासशील दुनिया में अपेक्षाकृत स्वच्छ परमाणु ऊर्जा का शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल होगा।
आईएईए के निदेशक मंडल (बोर्ड ऑफ गवर्नर्स) की एक अगस्त को बैठक होगी जिसमें सुरक्षा मानक समझौता मसौदे पर चर्चा होगी।
भारत विशिष्ट सुरक्षा मानक समझौते को आईएईए बोर्ड की मंजूरी परमाणु करार के कार्यान्वयन में एक महत्वपूर्ण कदम होगी।
आईएईए की मंजूरी के बाद भारत और अमेरिका को 45 देशों वाले एनएसजी से स्वीकृति हासिल करनी जरूरी है। करार के कार्यान्वयन के लिए इसे अमेरिकी कांग्रेस की मंजूरी भी आवश्यक है।