भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को बिकवाली के दबाव में टूट गए। सेंसेक्स ने 502 और निफ्टी ने 121.70 अंकों की डुबकी लगाई। इस दौरान उपभोक्ता वस्तुओं और फार्मास्युटिकल क्षेत्र के शेयरों को छोड़कर लगभग सभी क्षेत्रों में गिरावट का रुख रहा। बैंकिंग, तेल एवं गैस, रियल्टी और पूंजीगत वस्तुओं के शेयरों में तगड़ी बिकवाली दर्ज की गई। यह लगातार दूसरा दिन है जब शेयर बाजारों में गिरावट का रुख रहा। मुंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' शुक्रवार को 325.06 अंकों की गिरावट के साथ 14,451.95 पर खुला। दिनभर नुकसान में कारोबार करने के बाद यह 502.07 अंकों की गिरावट के साथ 14,274.94 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' सुबह 7.30 अंकों की बढ़त के साथ 4,480.85 पर खुला और यह 121.70 अंकों की गिरावट के साथ 4,311.85 पर बंद हुआ। शुक्रवार को पूरे दिन कारोबार का रुख नकारात्मक बना रहा। कारोबार के दौरान 1612 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में गिरावट आई जबकि 1325 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में तेजी का रुख रहा। सेंसेक्स में शुक्रवार के कारोबार में मिडकैप और स्मालकैप शेयरों की कीमतों में मामूली गिरावट दर्ज की गई। मिडकैप जहां 8.31 अंक गिरकर 5,572.59 पर बंद हुआ वहीं स्मालकैप 17.33 अंक गिरकर 6,778.78 पर बंद हुआ। जिन कंपनियों के शेयरों की कीमतों में आज सबसे अधिक गिरावट आई वे थीं, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, जयप्रकाश एसोसिएट्स और ओएनजीसी जबकि रैनबैक्सी लेबोरेटरीज, एसीसी, एचयूएल और ग्रासिम कंपनियों के शेयरों ने आज सबसे अधिक लाभ कमाया।