पाकिस्तान भारत के साथ दोस्ती चाहता है : कुरैशी
भाषा
लंदन,
शुक्रवार,
जुलाई 25,
2008
अपनी जमीन से आतंकवादी गतिविधियां न रोक पाने के कारण पड़ोसी देशों की नाराजगी के शिकार पाकिस्तान का कहना है कि वह भारत के साथ मजबूत और दोस्ताना संबंध बनाना चाहता है। पाकिस्तान ने देश में लोकतांत्रिक प्रणाली को मजबूत करने के लिए अन्तरराष्ट्रीय समर्थन की गुहार की है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने ब्रिटेन में पाकिस्तान के उच्चायुक्त वाजिद शम्सुल हसन द्वारा अपने सरकारी आवास पर आयोजित रात्रिभोज में कहा, 'हम अपने दोनों पड़ोसी देशों भारत और अफगानिस्तान के साथ मजबूत और दोस्ताना संबंध चाहते हैं।'
उच्चायुक्त हसन ने कहा कि इस समय पाकिस्तान एक मुश्किल दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में आने के पहले दो-तीन महीने तक हालात ठीक थे लेकिन उसके बाद स्थितियां बिगड़ने लगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सब कुछ ठीक हो जाएगा।
कुरैशी ने कहा, 'हम लोग चुनौतियों और मुश्किल हालात का सामना कर रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि यह सब गुजर जाएगा। अन्य देशों से मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि पाकिस्तान में लोकतंत्र और लोकतांत्रिक प्रणाली का समर्थन करें।'
काबुल में भारतीय दूतावास पर 7 जुलाई के हमले सहित अफगानिस्तान में पिछले दिनों आतंकवादी हमलों में आई तेजी पर भारत और अफगानिस्तान के साथ अमेरिका ने पाकिस्तान के कबायली इलाकों में छिपे तालिबान आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई करने में असफल रहने के लिए उसकी निंदा की।