ईसाई, यहूदी और मुस्लिमों के बीच की दीवार गिरे : ओबामा
वार्ता
बर्लिन,
शुक्रवार,
जुलाई 25,
2008
अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार बराक ओबामा ने कहा है कि ईसाई, यहूदी और मुसलमानों के बीच की दीवार गिरनी चाहिए।
जर्मनी के दौरे पर पहुंचे ओबामा ने अपने भाषण में कहा, 'जाति, धर्म, मूलवंशी और प्रवासियों के बीच दीवार नहीं होनी चाहिए। इन्हें गिरा देने की जरूरत है।' ओबामा ने अफगानिस्तान में स्थायित्व और जलवायु परिवर्तन से लेकर परमाणु प्रसार के खतरे से लड़ने के लिए यूरोपीय देशों को अमेरिका के साथ खड़े होने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान के मौजूदा हालात से अमेरिका भी वाकिफ है लेकिन वहां की जनता और उनकी सुरक्षा को देखते हुए अफगानिस्तान में जारी अभियान को बीच में नहीं छोड़ा जा सकता। ओबामा ने इराक की जनता, म्यांमार के राजनीतिक हालात और मध्य एशिया में शांति के लिए और अधिक मदद की गुहार भी की। उन्होंने कहा कि यह परमाणु हथियारों की होड़ से बचने और इनकी संख्या में कमी करने का समय है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि ईसाई, यहूदी और मुसलमानों के बीच की दीवार ज्यादा दिन तक नहीं रह सकती तथा विश्वशांति के लिए इस दीवार का गिरना बेहद जरूरी है।