आडवाणी विपक्ष के नेता के लायक नहीं : कांग्रेस
वार्ता
नई दिल्ली,
शुक्रवार,
जुलाई 25,
2008
कांग्रेस ने श्री मनमोहन सिंह को 'निकम्मा प्रधानमंत्री' बताने के लिए भारतीय जनता पार्टी पर बृहस्पतिवार को तीखे प्रहार करते हुए कहा कि वह लोकसभा में विपक्ष के नेता के लायक नहीं है और वह कहीं प्रधानमंत्री बन गए तो देश का भगवान ही मालिक है।
कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख वीरप्पा मोइली ने श्री आडवाणी को गैर जिम्मेदार नेता बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री बनना तो दूर वह विपक्ष के नेता के पद के लायक नहीं है। उन्होंने डॉ मनमोहन सिंह को निकम्मा प्रधानमंत्री बता कर प्रधानमंत्री पद को नीचा दिखाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के लिए जिस तरह असभ्य और अशिष्ट भाषा का इस्तेमाल किया है वैसा आज तक विपक्ष के नेता पद पर रहे किसी भी व्यक्ति ने नहीं किया है।
उन्होंने विश्वासमत में भाजपा के सांसदों के पार्टी के खिलाफ मत देने तथा ऐसे सांसदों के घरों पर हमले होने का जिक्र करते हुए कहा कि इससे साबित होता है कि श्री आडवाणी बेहद कमजोर नेता हैं। उनका न तो अपने सांसदों पर कोई नियंत्रण है और न ही अपने कार्यकर्ताओं पर।
श्री मोइली ने पार्टी के खिलाफ मत देने वाले सांसदों के खिलाफ हमलो को बढ़ावा देने के लिए भाजपा को तीखी आलोचना करते हुए कहा कि यह उसकी फासीवादी प्रवृति का परिचायक है। उन्होंने भाजपा द्वारा कर्नाटक में कांग्रेस और जनता दल एस में कराए गए दल बदल का उल्लेख करते हुए कहा कि क्या इसका मतलब है कि इन दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को इन विधायकों पर हमले शुरू कर देने चाहिए।
इससे पहले कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा जिस तरह की बात कर रही है उससे साफ है कि उसे कानून के राज में कोई विश्वास नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी के विरद्ध जाने वाले नेताओं के विरद्ध कार्रवाई के और कई तरीके हैं। उन पर हमला बोलने को कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता।