ओलंपिक टेनिस में अंपायरिंग करेगा भारतीय
भाषा
कोलकाता,
बुधवार,
जुलाई 23,
2008
टेनिस में व्हाइट बैज धारक अभिषेक मुखर्जी बीजिंग ओलंपिक में अंपायरिंग करेंगे।
भारत के इस 30 वर्षीय अधिकारी का कार्यक्रम काफी व्यस्त है क्योंकि उन्हें 19 अगस्त से होने वाले अमेरिकी ओपन में भी लाइन जज और चेयर अंपायर नियुक्त किया गया है।
मुखर्जी एकमात्र भारतीय हैं जिन्हें साल के अंतिम ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में अंपायरिंग के लिए चुना गया है।
उन्होंने कहा, 'मुझे अमेरिकी ओपन के मुख्य मुकाबलों के लिए लाइन जज नियुक्त किया गया है जबकि जूनियर वर्ग में मैं चेयर अंपायर रहूंगा। ग्रैंडस्लैम और जाहिर है कि ओलंपिक में अंपायरिंग करना शानदार अहसास है।'
मुखर्जी ने इससे पहले आस्ट्रेलियाई ओपन में पहली बार और विम्बलडन में लगातार चौथे साल अंपायरिंग की थी।
इस साल उन्हें पहली बार आस्ट्रेलिया में होपमैन कप और न्यूजीलैंड के हैमिल्टन और वेलिंगटन में प्रो सर्किट के लिए चुना गया।