देव साहब ला रहे हैं चार्जशीट
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
मुंबई,
सोमवार,
जुलाई 21,
2008
सदाबहार कहे जाने वाले मशहूर अभिनेता देवानंद के लिए उम्र कभी बंधन नहीं रही है। वह 84 वर्ष की उम्र में भी फिल्म निर्माण में जुटे हुए हैं। देव आनंद इन दिनों 'चार्जशीट' नामक फिल्म की तैयारी में जुटे हैं। इस फिल्म में जैकी श्रॉफ मुख्य भूमिका में होंगे। देवानंद ने बताया कि वह इस फिल्म में कई नए कलाकार को दर्शकों के सामने पेश करेंगे।
बॉलीवुड को जीनत अमान, टीना मुनिम और तब्बू जैसे कलाकारों से परिचित कराने वाले देवानंद 'चार्जशीट' में कई नए कलाकार को मौका देंगे। फिल्म में वह खुद एक अवकाश प्राप्त सीबीआई अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगे।
देवानंद ने कहा, "चार्जशीट उनकी सर्वश्रेष्ठ परियोजनाओं में से एक होगी। दर्शकों को मैं एक अच्छी फिल्म दूंगा।" उन्होंने कहा कि इससे पहले उनकी फिल्म चल नहीं पाई थी, लेकिन इस बार वह किसी प्रकार का जोखिम नहीं उठाएंगे।'चार्जशीट' की शूटिंग अगले महीने से शुरू होने की संभावना है। देवानंद ने कहा, "मानसून खत्म होते ही मैं फिल्म की शूटिंग शुरू कर दूंगा।"