सांसदों को रिश्वत की रकम एक अरब तक पहुंची!
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
नई दिल्ली,
रविवार,
जुलाई 20,
2008
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के पुत्र और रोहतक से कांग्रेस के विद्रोही सांसद कुलदीप विश्नोई ने रोहतक में एक रैली में आरोप लगाया है कि मंगलवार को होने वाले विश्वास मत पर सरकार के पक्ष में वोट देने या फिर अनुपस्थित रहने के लिए उनको 100 करोड़ रुपये की घूस की पेशकश की गई है।
कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा 2005 में संपन्न विधानसभा चुनावों में जीत के बाद अपने पिता को मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने के कारण कुलदीप खुलेआम उनकी आलोचना करते रहे हैं। कुलदीप ने पहले ही कह दिया है कि वह संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के खिलाफ संसद में वोट देंगे।
कुलदीप ने रैली में कहा कि सप्रंग सरकार को वोट देने के लिए यदि उनको हरियाणा राज्य के मुख्मंत्री पद की पेशकश भी की जाती तो वह उसे ठुकरा देते। लेकिन कुलदीप ने यह नहीं बताया कि उनको यह रकम देने की पेशकश किस व्यक्ति ने की है। मंगलवार को विश्वासमत पर मतदान का समय नजदीक आने के साथ ही सांसदों की खरीद फरोख्त की खबरें सामने आने लगी हैं।
इस तरह की खबरों को सबसे पहले भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव एबी बर्धन ने हवा दी। पिछले सप्ताह उन्होंने दावा किया कि सरकार के पक्ष में वोट देने के लिए हर सांसद को 25 करोड़ रुपये का घूस देने का प्रस्ताव दिया जा रहा है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने भी उनका अनुसरण करते हुए कहा था कि मायावती ने उनके एक सांसद को बहुजन समाज पार्टी में शामिल होने के लिए 30 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया है।