थाईलैंड के 40 अमीरों की सूची में भारतीय
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
न्यूयॉर्क,
शुक्रवार,
जुलाई 11,
2008
भारतीय मूल की एक महिला उद्योगपति थाईलैंड की 40 सर्वाधिक धनी लोगों में जगह पाने में सफल रही हैं।
मशहूर पत्रिका 'फोर्ब्स' द्वारा जारी 40 लोगों की सूची में 28 वर्षीय निशिता शाह 19वें स्थान पर हैं। उनके पास 37.5 करोड़ डॉलर की संपत्ति है।
मात्र 28 वर्ष में इतना धन कमाने के कारण निशिता दक्षिणपूर्व एशियाई देशों के धनी लोगों की सूची में सबसे कम उम्र की आंकी गई हैं। 'फोर्ब्स' के अनुसार निशिता ड्राई-बल्क शिपर का काम करने वाली कंपनी 'प्रेशस शिपिंग' की सबसे बड़ी शेयरधारक और निदेशक हैं।
इस कंपनी की नींव उनके पिता किरीत ने रखी थी। इसके अलावा निशिता बच्चों के कपड़े तैयार करने वाली एक और कंपनी 'बर्न बेबी' भी चलाती हैं। यह कंपनी 'एनशा' नाम से तीन महाद्वीपों में कपड़े निर्यात करती है।