सितारों से भरी यशराज फिल्म्स की 'टशन' और फिल्मक्राफ्ट की 'क्रेजी 4' की असफलता ने साबित कर दिया है कि फिल्म की सफलता उसकी पटकथा पर निर्भर करती है। सिनेमाघरों में दोनों ही फिल्में अभी दिख रही हैं, लेकिन फिल्म उद्योग को इनसे लगभग 40 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। विजय कृष्ण आचार्य निर्देशित 'टशन' में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों की मौजूदगी के बावजूद फिल्म नहीं चली। पहले हफ्ते में 'टशन' ने 52 प्रतिशत बॉक्स ऑफिस कलेक्शन दिया, लेकिन मल्टीप्लेक्सों के साथ समझौते के बावजूद दूसरे हफ्ते में कलेक्शन मात्र 35 प्रतिशत रह गया। फिल्मक्राफ्ट की हास्य फिल्म 'क्रेजी 4' ने कमजोर पटकथा के बावजूद बॉक्स ऑफिस में 'टशन' से बेहतर कारोबार किया है। फिल्म ने दूसरे हफ्ते में 42 प्रतिशत का कलेक्शन दिया है।
'आजा नचले', 'लागा चुनरी में दाग' और 'झूम बराबर झूम' के बाद यशराज की 'टशन' ने भी उन्हें हतोत्साहित किया है। यशराज बैनर की अंतिम हिट फिल्म शाहरुख खान अभिनीत 'चक दे! इंडिया' थी। जल्द ही इस बैनर की चार फिल्में 'थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक', 'बचना ऐ हसीनों', एनिमेटेड फिल्म 'रोडसाइड रोमियो' और आदित्य चोपड़ा निर्देशित तीसरी फिल्म 'रब ने बना दी जोड़ी' रिलीज़ होने वाली हैं। ऋतिक रोशन, अमेरिकी स्पेनिश मॉडल बारबरा मोरी और कंगना रानौत अभिनीत फिल्मक्राफ्ट की फिल्म 'काइट्स' की शूटिंग जल्द ही शुरू हो जाएगी, जिसका निर्देशन अनुराग बासु करेंगे।