तांत्रिक अमृत चैतन्य से संबंध नहीं : बालाकृष्णन
भाषा
कोच्चि,
मंगलवार,
मई 13,
2008
केरल के गृह मंत्री कोडियेरी बालाकृष्णन ने स्वयंभू तांत्रिक अमृत चैतन्य से अपने परिवार के संबंध होने के आरोपों का खंडन किया जबकि पुलिस ने वन्य जीव संरक्षण कानून के उल्लंघन तथा धोखाधड़ी के मामले में उसकी तलाशी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
मूल रूप से संतोष माधवन नाम के इस तांत्रिक के खिलाफ खाड़ी के देश में काम करने वाली केरल की एक महिला सेराफिन एडविन ने कथित तौर पर धोखाधड़ी की शिकायत की थी। इसके आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ वित्तीय धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने कोच्चि स्थित उसके फ्लैट तथा अतिथिगृह में छापा मारकर बाघ की खाल, जमीन के कागजात तथा अश्लील सीडी जब्त की है। भारतीय जनता युवा मोर्चा की राज्य इकाई ने बालाकृष्णन के पुत्र बीनेश के इस तांत्रिक के साथ नजदीकी संबंध होने का आरोप लगाया था। इसके जवाब में मंत्री ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। राज्य सरकार माधवन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि भाजयुमो उनके खिलाफ आधारहीन आरोप लगाकर उनकी छवि खराब करना चाहता है।
इससे पहले, भाजयुमो के राज्य अध्यक्ष के सुरेंद्रन ने आरोप लगाया था कि माधवन ने मंत्री के पुत्र बीनेश के विवाह समारोह में शिरकत की थी।
एक अन्य घटनाक्रम में राज्य के युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक रैली निकालकर माधवन की संपत्ति जब्त करने की मांग की।