पाक सरकार पर फिलहाल कोई संकट नहीं: अमेरिका
वार्ता
मंगलवार,
मई 13,
2008
अमेरिका में बुश प्रशासन ने पाकिस्तान में छह सप्ताह पुराने सत्तारूढ़ गठबंधन में उत्पन्न संकट से दूरी बनाए रखते हुए उम्मीद जताई कि सरकार पर इस संकट की आंच फिलहाल नहीं आएगी। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता सीन मैकार्मेक ने कहा कि बुश प्रशासन पाकिस्तान के साथ सहयोग पूर्ण ढंग से काम करता रहेगा। वहां की सरकार क्या राजनीतिक कदम उठाती है इसका निर्णय तो उन्हीं को करना है।
मैकार्मेक ने कहा कि उनकी समझ के मुताबिक सरकार फिलहाल चलती रहेगी। यह देखने वाली बात होगी कि पाकिस्तानी नेता क्या राजनीतिक दृष्टिकोण अपनाते हैं। गठबंधन का क्या होगा। उसमें कौन रहेगा और कौन नहीं, जजों का क्या किया जायेगा इन सारे सवालों का उत्तर पाकिस्तानी लोगों को ही देना होगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी की राजनीतिक व्यवस्था और नेताओं के लिए न तो हम इन सवालों का उत्तर देना चाहते हैं और न ही हम दे सकते हैं। वे खुद इन मसलों को सुलझाएंगे। हम तो उनके साथ साझा महत्व के विषयों पर मिल कर काम करते रहेंगे।